बरेली डिस्ट्रिक्ट पास्टर्स फैमिली सेमिनार एवं विदाई समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न

बरेली डिस्ट्रिक्ट पास्टर्स फैमिली सेमिनार एवं विदाई समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न

Sadhwartha News Desk

चर्च ऑफ गॉड (फुल गॉस्पेल) के बरेली डिस्ट्रिक्ट में 28 जुलाई 2026 को डिस्ट्रिक्ट पास्टर्स फैमिली सेमिनार एवं डिस्ट्रिक्ट पास्टर का विदाई समारोह बड़े उत्साह, गरिमा और आत्मिक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

सभा का शुभारम्भ डिस्ट्रिक्ट पास्टर, पास्टर साबू थॉमस की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश स्टेट के एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट पास्टर संजय ऑल्विन ने उपस्थित सेवक परिवारों का अभिनंदन (Felicitation) किया तथा उन्हें प्रभु की सेवकाई में निरंतर विश्वासयोग्य बने रहने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार के मुख्य वक्ता पास्टर एम. पी. गौतम (Evangelism Director, Church of God – Central West Region) थे। अपने प्रेरणादायक संदेश में उन्होंने “सेवक परिवार किस प्रकार कलीसिया के लिए आदर्श बन सकता है?” विषय पर विस्तारपूर्वक शिक्षा दी। उन्होंने विशेष रूप से यहोशू 24:15 के आधार पर बताया कि एक विश्वासयोग्य, परमेश्वर-भय रखने वाला सेवक परिवार न केवल अपनी स्थानीय कलीसिया के लिए आशीष का कारण बनता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों पर भी गहरा और स्थायी आत्मिक प्रभाव छोड़ता है।

उन्होंने सेवक परिवारों को यह भी प्रोत्साहित किया कि वे अपने जीवन, चरित्र, पारिवारिक एकता, प्रार्थना, पवित्रता तथा मसीही गवाही के द्वारा विश्वासियों के लिए आदर्श बनें। इस आत्मिक संदेश ने सभी उपस्थित सेवक परिवारों को नई प्रतिबद्धता के साथ प्रभु की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बरेली डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट पास्टर, पास्टर साबू थॉमस का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। उपस्थित सेवकों एवं विश्वासियों ने उनके समर्पित नेतृत्व, सेवकाई और बरेली डिस्ट्रिक्ट में दिए गए बहुमूल्य योगदान के लिए उनका हृदय से सम्मान एवं आभार व्यक्त किया तथा उनके भावी उत्तरदायित्वों के लिए परमेश्वर से आशीष और मार्गदर्शन की प्रार्थना की।

साथ ही, पास्टर प्रेम जोएल ने बरेली डिस्ट्रिक्ट के डिस्ट्रिक्ट इन-चार्ज के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उपस्थित सेवकों एवं कलीसिया के सदस्यों ने उनके लिए प्रार्थना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि परमेश्वर उनके नेतृत्व में बरेली डिस्ट्रिक्ट की सेवकाई को और अधिक प्रभावशाली एवं फलवन्त बनाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सेवक परिवारों ने आपसी सहभागिता, अनुभवों के आदान-प्रदान और आत्मिक संगति का भरपूर आनन्द उठाया। यह सेमिनार सेवक परिवारों के आत्मिक उन्नयन, पारिवारिक सुदृढ़ीकरण तथा प्रभावी सेवकाई के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ।